क्राइम ब्रांच और एरोड्रम पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर केदार नगर क्षेत्र में एक संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 12.82 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना नाम दिलीप सिंह बघेल (42), निवासी शुभम नगर इंदौर बताया। जब्त की गई ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और उससे आगे की पूछताछ जारी है।
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया के अनुसार, एक अन्य कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और एमजी रोड पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 6.55 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद इकबाल (21), निवासी दौलतगंज इंदौर बताया। जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है। इस मामले में भी आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 1 लाख 80 हजार रुपए कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए हैं और आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में राऊ पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए अंकित पंचोली (30), निवासी राज नगर और महिपाल उर्फ मोहित जसपाल (30) को गिरफ्तार किया। अंकित के पास से 15 ग्राम और मोहित के पास से 12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 70 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस दोनों से भी पूछताछ कर रही है।
वहीं, राजेंद्र नगर पुलिस ने शुक्रवार को बुद्ध नगर के खाली मैदान के पास स्थित एक झोपड़ी से सपना नामक महिला को गिरफ्तार किया। उसके पास से 37 हजार 100 रुपए मूल्य की देशी शराब जब्त की गई है। पुलिस द्वारा इस मामले में भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।