![]()
इंदौर में ऑनलाइन ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। लसूड़िया इलाके में टेलीग्राम के जरिए होटल और प्रॉपर्टी को फाइव स्टार रेटिंग देने के नाम पर एक युवक से लाखों रुपए ठग लिए गए। पुलिस के मुताबिक पिंक सिटी निवासी विनय कुमार को 23 नवंबर 2025 को बजाज फिनसर्व के नाम से मैसेज मिला, जिसमें घर बैठे रेटिंग देने पर कमीशन कमाने का झांसा दिया गया। शुरुआत में उससे छोटे-छोटे अमाउंट डलवाए गए, ताकि भरोसा बन सके, लेकिन बाद में रकम लगातार बढ़ती चली गई।
आरोपियों ने पहले करीब 1.62 लाख रुपए जमा करवाए, फिर इंसेंटिव का लालच देकर और पैसे मांगे। प्रीति नाम की एक महिला ने एक लाख रुपए और डालने पर पूरा पैसा बोनस के साथ लौटाने का भरोसा दिलाया। जब विनय को शक हुआ तो उसने एचडीएफसी बैंक में कॉल कर ट्रांजेक्शन रुकवाने की कोशिश की और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। तब तक वह करीब 3.12 लाख रुपए गंवा चुका था। शिकायत के बाद आरोपियों ने उसे व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर ब्लॉक कर दिया।
इसी तरह एक और मामले में पारुल नाम की युवती से भी करीब 19 लाख रुपए की ठगी सामने आई है। आरोपी शुभम गुप्ता ने जान-पहचान का फायदा उठाकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 18.81 लाख रुपए ट्रांसफर कर लिए। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
