![]()
मैहर जिले के रामनगर स्थित एक सरकारी स्कूल में एक शिक्षक द्वारा बच्चों के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में शिक्षक बच्चों के सिर आपस में टकराते और उन्हें थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद शिक्षा विभाग ने तुरंत जांच के आदेश जारी किए हैं।
यह घटना शासकीय प्राथमिक शाला देवदहा बरगाही टोला में हुई थी और लगभग एक साल पुरानी बताई जा रही है। वीडियो में स्कूल में पदस्थ शिक्षक रवीन्द्र चतुर्वेदी दो छात्रों के सिर आपस में टकराते और उन्हें थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। जानकारी के अनुसार शिक्षक बच्चों से हिंदी के व्यंजन वर्णमाला पूछ रहे थे। छात्र सही क्रम नहीं बता पाए, जिसके कारण शिक्षक ने आक्रोशित होकर यह हिंसक व्यवहार किया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया। इस संबंध में बीआरसी सीपी शुक्ला ने कहा कि मामले की जानकारी संज्ञान में ली गई है और विस्तृत जांच कर रिपोर्ट के आधार पर दोषी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीपीसी विष्णु त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो के सामने आने पर बीआरसी को मौके पर भेजा गया है। चूंकि यह वीडियो एक साल पुराना है, जांच प्रतिवेदन के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
