![]()
भोपाल में मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे लोक भवन (राज भवन) के सामने एक गंभीर घटना सामने आई, जब सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया। इस सड़क के नीचे पानी की पाइपलाइन गुजर रही थी, जिसमें लीकेज होने के बाद पाइपलाइन फूट गई और इसके कारण सड़क का बड़ा भाग धंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। अगर उस समय यातायात होता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया गया है कि लोक भवन के सामने घाटी से बड़े तालाब तक बिना फिल्टर वाले पानी की पाइपलाइन बिछी हुई है। पाइपलाइन के अचानक फूटने से पानी तेज धार के साथ बहने लगा। इसका असर यह हुआ कि पीएचक्यू के पीछे की सड़क का लगभग 150 मीटर लंबा हिस्सा पानी से भर गया और वहां करीब एक फीट तक जलभराव हो गया।
घटना के बावजूद मौके पर ट्रैफिक को डायवर्ट नहीं किया गया और वाहन उसी रास्ते से गुजरते रहे। कई वाहन क्षतिग्रस्त और जर्जर हो चुके हिस्से के ऊपर से निकले, जिससे खतरा बना रहा। इसी दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का काफिला भी इसी मार्ग से होकर गुजरा। तेज बहाव के कारण घाटी की एक ओर जमा मलबा भी पानी के साथ बह गया, जिससे सड़क पर पत्थर और गिट्टी जमा हो गई। इस स्थिति के चलते सड़क से गुजरने वाले कई लोग फिसलकर गिर गए, जबकि कुछ लोग गिरने से बाल-बाल बच गए।