मैहर जिले के सोनवारी स्थित सेंट माइकल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खिलाफ जिला शिक्षा अधिकारी सतना/मैहर द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज एक शिकायत के आधार पर की गई है।

अभिभावक विकास पाण्डेय ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि स्कूल प्रबंधन बच्चों के माता-पिता पर तय दुकानों से ही महंगी किताबें और स्कूल ड्रेस खरीदने का दबाव बना रहा है। इससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
मामले की जांच के लिए गठित दल द्वारा की गई पड़ताल में शिकायत सही पाई गई। जांच के दौरान स्कूल परिसर में किताबों के बंडल भी बरामद किए गए। इसके अलावा, 10 अभिभावकों ने अपने बयानों में यह पुष्टि की कि उन्हें महंगी किताबें और ड्रेस खरीदने के लिए मजबूर किया गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि भुगतान एक विशेष खाते में लिया जा रहा था, जिसके प्रमाण भी प्राप्त हुए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी सतना/मैहर ने इस पूरे मामले को मध्यप्रदेश निजी विद्यालय (फीस एवं अन्य विषयों का विनियमन) अधिनियम 2017 और नियम 2020 का उल्लंघन माना है। स्कूल प्रबंधन को नोटिस का जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। यदि निर्धारित समय में दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो स्कूल पर 2 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।