![]()
श्योपुर में सोमवार को सकल हिन्दू समाज के आह्वान पर शहर में व्यापक बंद और प्रदर्शन देखने को मिला। यह विरोध 25 मार्च को कलारना बस्ती में हुई चाकूबाजी की घटना के खिलाफ किया गया। सुबह करीब 10 बजे प्रदर्शनकारियों ने रैली निकाली और व्यापारियों से बाजार बंद रखने की अपील की, जिसके बाद शहर की कई दुकानें बंद रहीं।
प्रदर्शनकारी हजारेश्वर पार्क में एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए कोतवाली के सामने धरने पर बैठ गए। इस दौरान आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सहित कई मांगें उठाई गईं। बड़ी संख्या में महिलाएं भी इस प्रदर्शन में शामिल रहीं।
धरने के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने एएसपी प्रवीण कुमार और एसडीएम गगन मीणा को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मामले की जांच पर भी सवाल उठाते हुए मांग की कि जांच को एसडीओपी राजीव कुमार गुप्ता से हटाकर एएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी जाए।
धरना-प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने घटना की निंदा करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही।
हमले में परिवार की दो महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है। ममता और अर्चना को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बाबूलाल, उनकी पत्नी कान्ति और बेटे लोकेन्द्र भी घायल हैं। सभी को पहले जिला अस्पताल और फिर जयपुर रेफर किया गया।
एएसपी प्रवीण कुमार ने कहा कि मामले में जांच जारी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
