![]()
प्रबंध संचालक राज्य लघु वनोपज संघ समीता राजौरा को अब प्रदेश के चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। राज्य शासन ने बुधवार को इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
राजौरा के साथ ही शासन ने चार आईएफएस अधिकारियों के तबादले भी किए हैं। समीता राजौरा के पदभार संभालते ही वन बल प्रमुख शुभरंजन सेन चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन की जिम्मेदारी से मुक्त हो जाएंगे। सेन ने यह पद पिछले एक माह से संभाला हुआ था।
राज्य शासन ने पीसीसीएफ अनुसंधान और विस्तार विभाष ठाकुर की सेवाएं लोक सेवा प्रबंधन विभाग में प्रतिनियुक्ति पर सौंपते हुए उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन स्कूल में मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया है। ठाकुर इसके पहले वन बल प्रमुख पद के दावेदार रहे थे, लेकिन तीन अन्य वरिष्ठ अफसरों के साथ उन्हें बायपास कर शुभरंजन सेन को एक मार्च को वन बल प्रमुख बनाया गया था। ठाकुर इससे पहले भी पंचायत और ग्रामीण विकास समेत अन्य विभागों में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ रह चुके हैं।
शुक्ला अनुसंधान एवं विस्तार का चार्ज वन विकास निगम में पदस्थ पीसीसीएफ अर्चना शुक्ला को अनुसंधान और विस्तार मुख्यालय में सौंपा गया है।
इसके अलावा, कमोलिका मोहन्ता, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (एपीसीसीएफ) प्रशासन, को एपीसीसीएफ और एमडी राज्य लघु वनोपज संघ का पदभार दिया गया है। मोहन्ता की सेवाएं प्रतिनियुक्ति पर सौंपी गई हैं।
