![]()
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत सिवनी जिले से वाराणसी और अयोध्या के लिए विशेष ट्रेन सोमवार को रवाना की गई। सिवनी रेलवे स्टेशन परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली।
क्षेत्रीय विधायक दिनेश राय ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत कराई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना प्रदेश सरकार की एक अहम पहल है, जिसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों और श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जनपद पंचायत सिवनी की अध्यक्ष किरण भलावी, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। सभी ने यात्रियों को पुष्पमालाएं पहनाकर विदाई दी।
इस यात्रा के तहत सिवनी जिले से कुल 279 श्रद्धालु वाराणसी और अयोध्या के धामों के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं। शासन द्वारा यात्रियों के लिए आवागमन, भोजन, ठहरने और स्वास्थ्य से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
श्रद्धालुओं ने इस योजना के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक गीतों और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। वहीं, जिलेवासियों ने यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
