नौगांव थाना पुलिस ने कुत्ते को कुचलने के मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पीड़ित युवक का आरोप है कि उसके साथ हुई मारपीट को लेकर अब तक अलग से कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
यह पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज के अनुसार, सड़क पर दो कुत्ते बैठे हुए थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक HR 26 CN 1251) वहां से गुजरता है। एक कुत्ता वाहन को देखकर वहां से हट जाता है, जबकि दूसरा वहीं बैठा रहता है। चालक ने लापरवाही बरतते हुए वाहन सीधे उसके ऊपर चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान कुत्ते के चिल्लाने की आवाज भी सुनाई देती है।
घटना के बाद कुत्ते के मालिक विशाल पिता राजेश बोरासी आरोपी बालचंद के घर शिकायत करने पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बालचंद ने अपने परिजनों पंकज वैष्णव और जनार्दन वैष्णव के साथ मिलकर विशाल के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।
मारपीट के दौरान विशाल ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें आरोपी उसे पीटते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में विशाल “मुझे मत मारो” कहते हुए मदद की गुहार लगाते सुनाई देता है।
घायल विशाल ने नौगांव थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी बालचंद के खिलाफ कुत्ते को कुचलने के मामले में केस दर्ज कर लिया है। वहीं, पीड़ित का कहना है कि मारपीट की घटना को लेकर अभी तक कोई अलग कार्रवाई नहीं की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।