![]()
उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली में स्थित मां बिरासिनी शक्तिपीठ मंदिर में चैत्र नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। अनुमान है कि पूरे दिन में मंदिर में 10 हजार से अधिक भक्त पहुंचेंगे।
अष्टमी पर माता रानी का विशेष श्रृंगार सोने और चांदी के जेवरात से किया गया। वहीं, रात 8 बजे मंदिर में महाआरती का आयोजन किया जाएगा। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन, पूजन और अठवाईन अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
अष्टमी के दिन मंदिर में बच्चों के मुंडन और कर्णछेदन संस्कार भी संपन्न किए जा रहे हैं।
मंदिर परिसर में भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। बड़ी संख्या में आए भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर की निगरानी की जा रही है। एसडीओपी एस.बी. बोहित ने बताया कि सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी से लगातार निगरानी जारी है।
एसडीएम मीनाक्षी इंगले ने बताया कि राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पटवारी और प्रशासनिक अमला मंदिर में व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
मां बिरासिनी सेवा समिति के सचिव पवन संभर ने बताया कि नवरात्र के नौ दिनों तक विशेष भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं और मंदिर में श्रद्धा का विशेष माहौल रहता है।
