Narmadapuram Honors 52 District Toppers: MLA Calls Class 10 & 12 Key Turning Points in Student Life|नर्मदापुरम जिले के टॉपर्स 52 विद्यार्थियों का सम्मान: विधायक बोले-10वीं-12वीं विद्यार्थी जीवन के दो महत्वपूर्ण टर्निंग पॉइंट
![]()
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं परीक्षा में नर्मदापुरम जिले में टॉप करने वाले 52 विद्यार्थियों का शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मान किया गया। कार्यक्रम दोपहर 1 बजे आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विधायक डॉ. सीताशरन शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राधा पटेल, जनपद अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे और CEO हिमांशु जैन मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा सबसे बड़ा अस्त्र है, जिसके सही उपयोग से भविष्य को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हाईस्कूल जीवन का पहला महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, जिसे पार कर विद्यार्थियों ने मजबूत नींव रखी है और आगे भी 12वीं, कॉलेज तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में इसी तरह मेहनत जारी रखनी चाहिए।
विधायक डॉ. सीताशरन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि 10वीं और 12वीं परीक्षा विद्यार्थी जीवन के दो अहम टर्निंग पॉइंट होते हैं, जहां 10वीं में विषय चयन और 12वीं के बाद करियर का निर्णय भविष्य तय करता है। उन्होंने कहा कि इस सफलता से विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता के चेहरों पर भी गर्व और खुशी दिखाई देती है।
इस बार परिणामों में ग्रामीण और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। पथरौटा के सरकारी स्कूल की 12वीं होम साइंस टॉपर रितिका कुरुचि ने विशेष उपलब्धि हासिल की, जिन्होंने पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद यह सफलता प्राप्त की। आर्ट्स में आंशिक सराठे ने 93.2 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया, जबकि शेख जोया ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। गणित, विज्ञान, कृषि और कॉमर्स संकाय में भी कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 10वीं कक्षा में नैना यादव, सोनम परिहार और प्रिंसी साहू टॉपर रहीं।
जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी नारायण प्रजापति के अनुसार जिले का 10वीं परिणाम 78 प्रतिशत और 12वीं का 81 प्रतिशत रहा, जिससे जिले को प्रदेश में 16वीं रैंक प्राप्त हुई है। कार्यक्रम में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
