![]()
![]()
हरदा जिले के सिराली थाना क्षेत्र के दीपगांव कला में बुधवार सुबह जमीन को लेकर पुराना विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। दो पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों व पत्थरों से जमकर हमला हुआ। इस हिंसा में 65 साल के अमरसिंह कलम की जान चली गई, जबकि दोनों तरफ के कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक विवाद करीब दो एकड़ जमीन पर कब्जे को लेकर था। बताया जा रहा है कि मामा और बुआ के परिवारों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी, जो बुधवार को अचानक हिंसक हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष भिड़ गए और एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ हमला शुरू हो गया।
इस घटना में अमरसिंह के अलावा उनके भाई सूरत सिंह, रामभरोस, आनंद सिंह, हरिसिंह और सतीश राजपूत समेत कुल छह लोग घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से भी एक व्यक्ति को चोट आई है। सभी घायलों को तुरंत सिराली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। एएसपी अमित कुमार मिश्रा के मुताबिक गांव में दो पक्षों के बीच विवाद की जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि विवाद कैसे इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति की जान चली गई। गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।