![]()
मुरैना जिले में दिमनी क्षेत्र से मजदूरी कर लौट रहे मजदूरों के साथ एक हादसा हो गया, जिसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार एक युवक की गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद साथियों ने शव को कैलारस लाकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कैलारस के गुलपुर निवासी 28 वर्षीय जल्लो नाथ, पिता सुरेश नाथ, अपने साथियों के साथ दिमनी क्षेत्र में आलू की फसल खोदने के लिए गया था। शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे सभी मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान नेशनल हाईवे-552 पर मुंगावली के पास ट्रॉली के किनारे बैठे जल्लो नाथ को नींद आ गई, जिससे वह संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़ा। गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद साथी मजदूर शनिवार सुबह करीब 10 बजे शव को लेकर कैलारस थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कैलारस थाना प्रभारी टीआई सतेंद्र सिंह कुशवाहा के अनुसार यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए शव का पोस्टमार्टम कैलारस में ही कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर केस डायरी संबंधित थाने को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
