![]()
सोमवार को अशोकनगर के ईसागढ़ में आयोजित जनसुनवाई के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कलेक्टर साकेत मालवीय को जनता द्वारा दिए गए आवेदनों के लापरवाह तरीके से रखे जाने पर फटकार लगाई।
यह घटना जनपद पंचायत ईसागढ़ के जनसुनवाई कार्यक्रम समाप्त होने के बाद हुई। जब अधिकारी जनता द्वारा दिए गए आवेदनों को समेट रहे थे, तो देखा गया कि कलेक्टर साकेत मालवीय उन्हें एक थैले में अव्यवस्थित और बेतरतीब तरीके से रख रहे थे।
यह देखकर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने तुरंत हस्तक्षेप किए। उन्होंने सबके सामने कलेक्टर को फटकारते हुए कहा, “ये केवल कागज नहीं हैं, ये लोगों की उम्मीदें हैं… हमारे लिए ये सोने के समान हैं।”
उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ संभालना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सिंधिया ने बताया कि आवेदनों का मतलब सिर्फ फाइलें नहीं हैं, बल्कि ये किसी की पीड़ा, संघर्ष और उम्मीद की कहानी होते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस भरोसे के साथ लोग अपनी समस्याएं लेकर आते हैं, उसी गंभीरता से उन पर काम होना चाहिए। आवेदनों को लापरवाही से रखना लोगों की भावनाओं और उम्मीदों की अनदेखी करने जैसा है।
