पुलिस के अनुसार, SP हितिका वासल के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी और संबंधित माफियाओं पर लगातार निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ASP मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के नेतृत्व में धरनावदा थाना प्रभारी डीएसपी आनंद राय के निर्देशन में झागर चौकी प्रभारी एएसआई अनिल कदम और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
धरनावदा थाना क्षेत्र की झागर चौकी पुलिस द्वारा धरनावदा-छबड़ा रोड पर पार्वती नदी पुलिया के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान छबड़ा (राजस्थान) की ओर से एक काले रंग की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक RJ28 FS 7537) आती दिखाई दी, जिसके पीछे एक बोरा बंधा हुआ था।
पुलिस ने वाहन को रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। इस पर पुलिस टीम ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम देवकिशन पुत्र बाबूलाल मीना (उम्र 31 वर्ष), निवासी ग्राम युसुफपुरा, थाना पाली, जिला बारां (राजस्थान) बताया।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर बंधे बोरे से 10.960 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में थाना धरनावदा में अपराध क्रमांक 61/26 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।