Indore Online Fraud Gang Busted: 5 Arrested, ₹10 Lakh Frozen; Separate Cases of Theft Reported|इंदौर में ऑनलाइन ठगी गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार: 10 लाख फ्रीज; फ्लैट से लैपटॉप चोरी और दिनदहाड़े घर में जेवर-नकदी भी पार
![]()
इंदौर में भंवरकुआ थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों में जमा करीब 10 लाख रुपए फ्रीज कराए हैं।
पुलिस के अनुसार, पालदा निवासी सचिन गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने फेसबुक पर शेयर मार्केट से जुड़ी एक पोस्ट देखी थी, जिसमें निवेश के नाम पर टिप्स दिए जा रहे थे। इसी झांसे में लेकर आरोपियों ने उनसे लगभग 9 लाख 30 हजार रुपए की ठगी की। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों की मदद से आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में विशाल चौहान (बीड, महाराष्ट्र), गणेश राव (बीड, महाराष्ट्र), आशीष पंवार (देवास), नेवेघ्य सिरोजा (देवास) और रश्मिरंजन (ओडिशा) शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि ठगी के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप चलाया जा रहा था, जिसे कथित रूप से कंबोडिया से ऑपरेट किया जा रहा था, जहां निवेश के नाम पर लोगों को फंसाने के तरीके बताए जाते थे।
इधर, लसूडिया थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 114 स्थित स्वर्ण रेसिडेंसी में चोरी की एक अन्य वारदात सामने आई है, जहां 27 वर्षीय ऋषिकेश निम्भोरकर के फ्लैट से अज्ञात आरोपी लैपटॉप, चार्जर, हेडफोन, घड़ी, आई ग्लास और बैंक के क्रेडिट कार्ड सहित बैग चोरी कर ले गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बैग लेकर जाते हुए दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
इसके अलावा, चंदन नगर थाना क्षेत्र के बलाई मोहल्ला धार रोड में दिनदहाड़े घर में चोरी की वारदात हुई। भागवंती रायकवार के घर का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और करीब 5 हजार रुपए नकद चुरा लिए। घटना के समय परिवार के सदस्य घर से बाहर थे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी और सुरागों के आधार पर जांच कर रही है।
