नगर निगम के रिमूवल अधिकारी अंकेश बिरथरिया के अनुसार, कॉलोनी सेल विभाग में शिकायत प्राप्त हुई थी कि सर्वे क्रमांक 242/1 पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही है, जहां रो-हाउस का निर्माण किया जा रहा था। यह निर्माण एक शुभम साहू नामक व्यक्ति द्वारा कराया जा रहा था।
शिकायत मिलने के बाद क्षेत्रीय भवन अधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया और भवन अनुज्ञा से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार्रवाई की गई। अधिकारी ने बताया कि यहां कुल 12 रो-हाउस बनाए जा रहे थे, जिनमें से 6 लगभग तैयार हो चुके थे और उनमें पुट्टी का कार्य भी पूरा हो चुका था, जबकि बाकी 6 रो-हाउस निर्माणाधीन अवस्था में थे। सभी निर्माण खाली थे और किसी प्रकार का कोई कब्जा नहीं था, इसलिए इन्हें ध्वस्त किया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ दिनों पहले नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जिसके बाद से लगातार ऐसे मामलों पर निगरानी रखी जा रही है। आगे भी अवैध कॉलोनियों पर इसी तरह की कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।