![]()
इंदौर में वार्ड 64 के पार्षद और MIC मेंबर मनीष शर्मा मामा को जान से मारने की धमकी मिली है। मामला तब सामने आया जब उनके एक पोस्टर को फटा हुआ पाया गया। पोस्टर देखने पहुंचे पार्षद को वहां एक धमकी भरी चिट्ठी मिली, जिसमें उन्हें जान से मारने की चेतावनी और गालियां लिखी हुई थीं। चिट्ठी में एक विशेष वर्ग को लेकर, चावल और वाइन की दुकान को लेकर भी धमकी दी गई थी।
इस घटना की सूचना मिलने के बाद पार्षद ने भंवरकुआं थाने जाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मौके पर एसीपी विजय चौधरी भी पहुंचे और उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पार्षद मनीष शर्मा ने बताया कि इस तरह की धमकियां उन्हें पहले भी मिल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें धमकियां क्यों मिल रही हैं, इसका उन्हें कोई स्पष्ट कारण नहीं पता, लेकिन वे अपने काम को रोकने वाले नहीं हैं। पार्षद ने स्पष्ट किया कि जो भी गलत काम हो रहा है, उसे वे उजागर करेंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे। उनका कहना है कि वे किसी से नहीं डरेंगे और पुलिस इस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाएगी।
मनीष शर्मा ने लोगों से अपील की कि जो भी इस तरह की धमकी दे रहे हैं, वे अपनी आदत सुधार लें, क्योंकि वे अपने काम को निडर होकर जारी रखेंगे।
