![]()
मध्य प्रदेश के हरदा जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और तापमान में हो रही वृद्धि को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। यह फैसला विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। जारी किए गए आदेश के मुताबिक, नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल अब सुबह 07:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी डीएस रघुवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्कूलों के शिक्षकीय स्टाफ को दोपहर 01:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहना होगा और इस दौरान वे अपने सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करेंगे। हालांकि, पहले से निर्धारित परीक्षाएं और अन्य जरूरी कार्यक्रम अपने तय समय के अनुसार ही आयोजित किए जाएंगे, इनमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि हरदा जिले में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिसके चलते प्रशासन को यह निर्णय लेना पड़ा।
