![]()
इंदौर के एमजी रोड स्थित अपोलो टॉवर में काम करने वाली एक युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। युवती ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने पार्किंग में उसे रोककर जबरदस्ती बात करने की कोशिश की और विरोध करने पर धमकाया भी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, वह अपोलो टॉवर में एक कॉस्मेटिक्स दुकान पर काम करती है। उसकी पहचान एक सहेली के जरिए यश सोलंकी नाम के युवक से हुई थी। शुरुआत में बातचीत सामान्य थी, लेकिन कुछ समय बाद आरोपी उससे गलत तरीके से बात करने लगा। रविवार रात करीब 9 बजे जब वह काम खत्म कर घर जाने के लिए निकली, तभी आरोपी ने उसे पार्किंग में रोक लिया। उसने उसका हाथ पकड़कर अपनी ओर खींचा और जबरन बात करने की कोशिश की।
युवती ने बताया कि आरोपी ने उसे शादी करने के लिए दबाव बनाया और कहा कि अगर उसने मना किया तो वह उसे नौकरी नहीं करने देगा। किसी तरह वह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
वहीं, शहर के जूनी इंदौर इलाके में एक और मामला सामने आया है, जहां 12 साल की बच्ची के साथ मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि माणिक बाग क्षेत्र में घर के बाहर गंदगी डालने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान बच्ची अपने दादा का पक्ष लेने पहुंची, तो कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
