सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र के अतरवेदिया कला गांव में बुधवार-गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने 25 साल पुराने चंदन के पांच मूल्यवान पेड़ चोरी कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना फूला देवी पांडेय के घर की बगिया में हुई। देर रात अज्ञात बदमाश बगिया में घुसे और पेड़ों को काटकर ले गए। सुबह मामले की सूचना मिलने पर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पेड़ काटने के बाद वहां केवल ठूंठ ही बचे हैं।
7 साल पहले भी हुई थी चोरी
फूला देवी ने बताया कि यह पेड़ 25 साल पुराने थे। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2019 में इसी बगिया से चंदन के सात पेड़ चोरी हो चुके थे। उस मामले के आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पांडेय परिवार को संदेह है कि उनकी बगिया में लगे चंदन के पेड़ों की चोरी सुनियोजित तरीके से की जा रही है।
चंदन के पेड़ बेशकीमती माने जाते हैं और इनकी बाजार में अच्छी कीमत मिलती है। पुलिस फिलहाल शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाशों की तलाश में लगी हुई है।
