कार्यक्रम की शुरुआत से ही आयोजन स्थल पर पारंपरिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला। फाग गायन की प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को होली के रंग और लोक परंपरा के उत्साह से भर दिया। आयोजकों के अनुसार, यह बैतूल जिले में अपनी तरह का पहला आयोजन है, जिसका उद्देश्य फाग गायन जैसी पारंपरिक लोक कला को संरक्षित करना और उसे बढ़ावा देना है।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए नकद पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मंडली को 10,001 रुपए, द्वितीय स्थान के लिए 5,001 रुपए और तृतीय स्थान के लिए 2,001 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बैतूल सांसद दुर्गादास उइके के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक योगेश पंडाग्रे, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर और भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों के भी उपस्थित रहने की संभावना है।
आयोजन समिति से जुड़े अभिषेक उर्फ आशु किलेदार, योगी खंडेलवाल, राजसिंह पिंटू परिहार और धीरज बोथरा ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों और दर्शकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम के संचालन और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नरेन्द्र नाथ गुरु, निशा नाथ, चौधरी श्रीश पटेल और जीत चौकीकर द्वारा संभाली जा रही है। श्रीश पटेल के अनुसार, यह आयोजन पारंपरिक फाग गायन को मंच प्रदान करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक प्रयास है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति दर्ज की गई, जिससे आयोजन को सफल बनाने में सहयोग मिला।