![]()
मंडला में बिछिया पुलिस ने गांजा तस्करी गिरोह के पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार जब्त कर ली है। गिरफ्तार किया गया युवक अनूपपुर निवासी लखन राठौर है, जिसे इस गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।
दरअसल, 25 मार्च को पुलिस ने चार तस्करों को 7 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान इन चारों में से एक आरोपी देवेंद्र नायक के बयान में लखन राठौर का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
कार और मोबाइल जब्त किए गए कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी लखन के पास से मारुति सुजुकी ब्रेजा कार (MP-65-ZC-5964) जब्त की है, जिसका मूल्य लगभग 10 लाख रुपए आंका गया है। इसके अलावा आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी मिले।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। गिरोह के पांचों सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद, पुलिस मुख्य रूप से गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इस धंधे में शामिल अन्य लोगों तक पहुँचने की कोशिश कर रही है।
