सीहोर जिले के सेवनियां गांव में जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने तूल पकड़ लिया है। नाराज किसानों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों का आरोप है कि पुलिस और पटवारी मिलकर बटाईदारों के साथ गलत व्यवहार कर रहे हैं और बिना किसी कानूनी आदेश के खेतों में जबरन तारबंदी कराई जा रही है। उनका कहना है कि यह पूरी कार्रवाई नियमों के खिलाफ है और उन्हें न्याय नहीं मिल रहा।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के किसान हनुमंत सिंह ने करीब 14 साल पहले अपनी जमीन 11 लाख 75 हजार रुपये में पप्पू कौशल को बेचने का सौदा किया था। समझौते के तहत पूरी रकम मिलने के बाद रजिस्ट्री होनी थी, लेकिन आरोप है कि हनुमंत सिंह ने लगातार देरी की और अब वही जमीन किसी दूसरे को बेच दी। किसानों का कहना है कि अब उस जमीन पर किसी और को कब्जा दिलाने की कोशिश हो रही है।
पप्पू कौशल का कहना है कि उन्होंने साल 2012 में यह जमीन खरीदी थी और तभी से बटाईदारों के जरिए खेती करवा रहे हैं। इसके बावजूद हाल ही में पटवारी और पुलिस मौके पर पहुंचे और बिना किसी आदेश के खेत में सीमेंट के खंभे लगाकर तारबंदी कर दी। विरोध करने पर बटाईदार दिलीप और हरिओम को डराया गया और पुलिस उन्हें थाने ले गई।
किसानों ने आरोप लगाया है कि बिना किसी वैध कागज के उनकी जमीन किसी और को देने की कोशिश हो रही है। इस पूरे मामले को लेकर गांव के कई किसानों ने पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को शिकायत भेजी है और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
