![]()
रायसेन जिले के गैरतगंज क्षेत्र में गेहूं उपार्जन कार्य शुरू नहीं होने से नाराज किसानों ने बुधवार को सागर-भोपाल मार्ग पर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। किसानों का कहना है कि समय पर उपार्जन शुरू न होने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई किसान अपनी फसल लेकर खरीदी केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन प्रक्रिया शुरू न होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से चर्चा की और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों से बातचीत की। प्रदर्शन के दौरान कुछ किसानों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला जलाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस ने पुतला छीन लिया, लेकिन इसके बाद किसानों ने दोबारा पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान किसान सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
