![]()
नीमच सिटी थाना क्षेत्र के जवासा चौराहे पर एक किसान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरनिया मानगिर निवासी 45 वर्षीय देवीलाल नायक, पिता हीरालाल नायक, शुक्रवार को सुखले के बोरे खरीदने के लिए जवासा आए थे। इसी दौरान उन्हें अचानक घबराहट महसूस होने लगी। तबीयत बिगड़ने पर वे पास स्थित एक निजी क्लिनिक पर डॉक्टर को दिखाने पहुंचे, लेकिन क्लिनिक के बाहर ही उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना स्थल के सामने ही स्थित जवासा पुलिस चौकी के जवानों ने तुरंत स्थिति को संभाला। पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए देवीलाल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया। सिटी पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला साइलेंट हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। जवासा चौकी प्रभारी असलम पठान ने मृतक की पहचान अरनिया मानगिर निवासी देवीलाल नायक के रूप में की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को दे दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
