![]()
जबलपुर में बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार और एसपी संपत उपाध्याय ने शहर के व्यस्त मार्गों का पैदल निरीक्षण किया।
अधिकारी छोटी लाइन से कटंगा मार्ग तक पैदल भ्रमण करते हुए सड़क किनारे दुकानों और बढ़े हुए निर्माण का अवलोकन किया। निरीक्षण में पाया गया कि कई स्थानों पर अवैध कब्जों के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गई है, जिससे बार-बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। टीम ने बंदरिया तिराहे से गौरीघाट मार्ग का भी निरीक्षण किया, जहां यातायात दबाव अधिक देखा गया।
मेडिकल मार्ग पर यातायात सुधार के लिए अलग योजना बनाई जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क तक किए गए अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा और कब्जा करने वालों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों के अनुसार, शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी।
