![]()
धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदीखेड़ा चारण में हुए देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड के बाद परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई है। इस मामले का मुख्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। गुरुवार को मृतक देवकृष्ण की मां लक्ष्मीबाई और बहन भाजपा जिला कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने जिला अध्यक्ष निलेश भारती से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस पर भाजपा जिला अध्यक्ष निलेश भारती ने परिजनों को हर संभव मदद और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
मृतक की मां लक्ष्मीबाई ने बताया कि देवकृष्ण परिवार का एकमात्र सहारा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहू का संबंध उसके जीजा कमलेश से था और इसी अवैध संबंध के चलते सुनियोजित तरीके से उनके बेटे की हत्या की गई। लक्ष्मीबाई के अनुसार, जब देवकृष्ण डेढ़ वर्ष का था, तभी उसके पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार ने कठिन परिस्थितियों में उसका पालन-पोषण किया।
परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि हत्याकांड में शामिल तीनों आरोपियों को फांसी की सजा दी जाए और उनके मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए। मृतक की बहन ज्योति की शादी 20 अप्रैल को तय थी, लेकिन भाई की हत्या के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने शासन-प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता देने और ज्योति को सरकारी नौकरी प्रदान करने की भी मांग की है।
