![]()
नीमच में जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ कलेक्ट्रेट कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और डिप्टी कलेक्टर पराग जैन को अपने मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि सरकार की गलत नीतियों के कारण जनता और किसान परेशान हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि बिजली बिलों में की गई भारी बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए। साथ ही, गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर रोक लगाने और जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को सुचारू करने की बात कही गई।
किसानों के मुद्दों को उठाते हुए कांग्रेस ने सहकारी सोसायटियों में खाद की कमी को दूर करने और कर्ज जमा करने की अंतिम तारीख को आगे बढ़ाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि हाल ही में हुई ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है, लेकिन अब तक मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने जल्द सर्वे कराकर राहत राशि देने की अपील की।
ज्ञापन में मनासा के खिमला स्थित ग्रीनको प्लांट में मजदूरों की लगातार मौतों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने प्लांट की अव्यवस्थाओं की जांच, सुरक्षा इंतजाम को मजबूत करने और मृतक परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
इस दौरान नीमच शहर, ग्रामीण और जीरन ब्लॉक के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
