![]()
नरसिंहपुर जिले में भाजपा नेता पवन पटेल के साथ हुई मारपीट के मामले को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता पटेल सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एसपी कार्यालय पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं।
![]()
नरसिंहपुर जिले में भाजपा नेता पवन पटेल के साथ हुई मारपीट के मामले को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता पटेल सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एसपी कार्यालय पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं।
जानकारी के अनुसार, सुनीता पटेल ने इस मामले में शनिवार को ही एसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, पुलिस की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।
धरने के दौरान सुनीता पटेल ने आरोप लगाया कि पवन पटेल के साथ गंभीर मारपीट की गई, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले में प्रेस नोट तो जारी किया, लेकिन उनके द्वारा भेजे गए पत्र का कोई जवाब नहीं दिया गया।
उन्होंने क्षेत्र में अवैध उत्खनन और डंपरों की आवाजाही को भी गंभीर मुद्दा बताया। उनके अनुसार, गाडरवारा क्षेत्र में लगातार हादसे हो रहे हैं। हाल ही में गांधी गांव में एक ट्रक के घर में घुस जाने से एक युवक की मौत का मामला सामने आया था।
सुनीता पटेल ने बताया कि इस संबंध में वह पहले भी दिसंबर माह में पत्र लिखकर डंपरों के संचालन का समय निर्धारित करने की मांग कर चुकी हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक उन्हें प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक धरना जारी रहेगा।
वहीं, मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने जानकारी दी कि यह घटना 1 तारीख की दरमियानी रात पलोहा थाना क्षेत्र में हुई थी। पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान कर ली गई है और दो से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है।
उन्होंने बताया कि कुछ आरोपी स्थानीय हैं, जबकि कुछ अन्य बाहर के हैं। मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी एसडीओपी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में त्वरित कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।