![]()
शाजापुर जिले में कलेक्टर ऋजु बाफना ने बुधवार को मोहन बड़ोदिया मार्केटिंग, दुधाना और मोहना सोसायटियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गेहूं खरीदी केंद्रों पर बारदाना (बोरों) की उपलब्धता, स्टॉक की स्थिति और तौल व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्तमान में केंद्रों पर 8 से 10 दिनों के लिए पर्याप्त बारदाना उपलब्ध है। कलेक्टर ने मौके पर बारदाने की तौल भी करवाई, जिसमें एक स्थान पर करीब 200 ग्राम की कमी पाई गई। इस पर संबंधितों से कारण पूछा गया, तो बताया गया कि बारदाना नमी युक्त था। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गीले बारदानों को पहले धूप में अच्छी तरह सुखाया जाए, उसके बाद ही उनकी तौल की जाए।
अन्य खरीदी केंद्रों पर तौल व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि खरीदे गए अनाज का समय पर परिवहन सुनिश्चित किया जाए, जिससे केंद्रों पर अनावश्यक स्टॉक जमा न हो। साथ ही, उन्होंने आधारभूत सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान भारतीय किसान संघ के जिला उपाध्यक्ष दिनेश कुमार कलमोदिया ने सैटेलाइट के माध्यम से स्लॉट निरस्त होने की समस्या को उठाया। इस पर कलेक्टर ने दो दिनों के भीतर समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा, उन्होंने पराली जलाने की समस्या को लेकर किसानों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।
दुधाना सोसायटी में निरीक्षण के दौरान केंद्र की ऊंचाई जमीन से अधिक होने के कारण कलेक्टर ऋजु बाफना को ऊपर चढ़ने के लिए टेबल का सहारा लेना पड़ा। इस अव्यवस्था पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। इसके बाद मोहन बड़ोदिया तहसीलदार दिव्या जैन ने केंद्र संचालक को तत्काल सीढ़ी निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में अधिकारियों और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
