![]()
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग किसान पर मधुमक्खियों के हमले का गंभीर मामला सामने आया है। खेत में काम करते समय अचानक हुए इस हमले से बचने के लिए किसान को नदी में कूदना पड़ा। घायल हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मौलिया गांव की है। 60 वर्षीय किसान बाल्मीकि गोस्वामी अपने खेत में सरसों और गेहूं की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान पास में लगे आम के पेड़ पर बने छत्ते से अचानक मधुमक्खियों का झुंड निकल आया और उन्होंने किसान पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराकर किसान इधर-उधर भागने लगे।
अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने पास की नदी में छलांग लगा दी, लेकिन तब तक मधुमक्खियां उन्हें कई जगह डंक मार चुकी थीं। हमले के कारण उनकी हालत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत नईगढ़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
परिजनों के मुताबिक, मधुमक्खियों के हमले से किसान को काफी गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. आरके पाठक ने बताया कि घायल किसान को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
