![]()
आगर मालवा जिले के बड़ौद थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लगभग 41.12 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 4.20 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, बुधवार को मिली सूचना के आधार पर 14-15 अप्रैल की रात आलोट रोड स्थित रामाखेड़ी जोड़ और पिपलिया विजय क्षेत्र के पास मादक पदार्थ की मौजूदगी की जानकारी मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध युवक ने मौके से भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान बड़ौद के ब्लॉक कॉलोनी निवासी आरिफ खान उर्फ बबलू (35 वर्ष) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एमडी ड्रग्स और एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब यह जांच की जा रही है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
