![]()
![]()
इंदौर के तुकोगंज क्षेत्र में एक ऑटो चालक ने ईमानदारी का परिचय देते हुए लाखों रुपए के जेवरों से भरा बैग सुरक्षित वापस कर दिया। यह बैग एक महिला का था, जो गलती से ऑटो में ही छूट गया था।
तुकोगंज पुलिस के मुताबिक, बीना की रहने वाली 24 वर्षीय वैष्णवी पटेरिया, जो जवाहर वार्ड में अर्चना साड़ी सेंटर संचालित करती हैं, अपनी शादी की खरीदारी के सिलसिले में इंदौर आई थीं। इस दौरान उनके साथ उनकी मां प्रिया पटेरिया भी मौजूद थीं।
दोनों पुलक सिटी सिलिकॉन क्षेत्र से ऑटो (MP09 RA 5927) में सवार होकर एमवाय अस्पताल पहुंचीं, जहां वे अपने रिश्तेदार मुकेश तिवारी से मिलने गई थीं। अस्पताल पहुंचने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनका बैग ऑटो में ही रह गया है।
बैग में सोने की झुमकी, गले की चेन, दो अंगूठियां सहित करीब 4 लाख रुपए के जेवर और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। बैग गायब होने का पता चलते ही युवती ने तुरंत ऑटो चालक से संपर्क किया।
ऑटो चालक सनी चौहान (31), निवासी इंद्रेश नगर, ने ईमानदारी दिखाते हुए तुकोगंज थाने पहुंचकर बैग को सुरक्षित लौटा दिया। महिला ने उनकी इस सराहनीय ईमानदारी के लिए आभार व्यक्त किया।