भारतीय क्रिकेट में मंगलवार को दो तेज गेंदबाजों को लेकर बड़ी खबर सामने आई। एक ओर तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह करीब एक साल बाद रेड बॉल क्रिकेट में वापसी करेंगे, वहीं दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है। जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने के बाद नबी को श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है।
दलीप ट्रॉफी से अर्शदीप की वापसी
दलीप ट्रॉफी 2026-27 के लिए नॉर्थ जोन की 15 सदस्यीय टीम में अर्शदीप सिंह को शामिल किया गया है। उन्होंने अपना पिछला रेड बॉल मुकाबला पिछले साल दलीप ट्रॉफी में खेला था। नॉर्थ जोन का पहला मुकाबला 23 अगस्त से बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में वेस्ट जोन के खिलाफ होगा।
टीम की कप्तानी जम्मू-कश्मीर के विकेटकीपर-बल्लेबाज कन्हैया वधावन को सौंपी गई है, जबकि दिल्ली के ऑलराउंडर आयुष बडोनी उपकप्तान होंगे।
जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों का दबदबा
नॉर्थ जोन की टीम में जम्मू-कश्मीर के छह खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें कन्हैया वधावन, कामरान इकबाल, अब्दुल समद, आबिद मुश्ताक, सुनील कुमार और युद्धवीर सिंह शामिल हैं।
- अब्दुल समद ने पिछले रणजी सीजन में 748 रन बनाकर टीम के सबसे सफल बल्लेबाज का तमगा हासिल किया।
- कामरान इकबाल को पहली बार दलीप ट्रॉफी में मौका मिला। उन्होंने रणजी फाइनल में कर्नाटक के खिलाफ नाबाद 160 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी।
- आबिद मुश्ताक ने पिछले सीजन में 445 रन बनाने के साथ 20 विकेट भी झटके थे।
दिल्ली के चार खिलाड़ियों को मौका
दिल्ली से आयुष दोसेजा, सनत सांगवान, यश धुल और आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया गया है।
आयुष दोसेजा ने पिछले रणजी सीजन में 949 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया था, जबकि सनत सांगवान ने 828 रन बनाए। दोनों घरेलू क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल रहे।
बुमराह की जगह आकिब नबी को मिला टेस्ट कॉल-अप

श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में बड़ा बदलाव किया गया है। घुटने की चोट से पूरी तरह फिट नहीं हो पाने के कारण जसप्रीत बुमराह टीम से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
23 वर्षीय आकिब नबी भारतीय टेस्ट टीम में चुने जाने वाले जम्मू-कश्मीर के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। इससे पहले परवेज रसूल और उमरान मलिक भारतीय टीम का हिस्सा रहे, लेकिन उन्हें टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला।
रणजी में 104 विकेट लेकर खटखटाया टीम इंडिया का दरवाजा
आकिब नबी ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सीजन में 104 विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। 2025-26 सीजन में उन्होंने केवल 10 मैचों में 60 विकेट झटके और सात बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया।
उनका प्रदर्शन नॉकआउट मुकाबलों में भी शानदार रहा। मध्य प्रदेश के खिलाफ क्वार्टर फाइनल, बंगाल के खिलाफ सेमीफाइनल और कर्नाटक के खिलाफ फाइनल में उन्होंने निर्णायक गेंदबाजी कर जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
इंडिया-ए के प्रदर्शन का मिला इनाम
हाल ही में आकिब नबी इंडिया-ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे। वहां उन्होंने दो प्रथम श्रेणी मैचों में छह विकेट लिए थे। घरेलू क्रिकेट और इंडिया-ए में लगातार शानदार प्रदर्शन का इनाम अब उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में चयन के रूप में मिला है।
