भारतीय हॉकी टीम की पारंपरिक नीली जर्सी की जगह नारंगी रंग की नई जर्सी लाने को लेकर विवाद और गहरा गया है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने अब इस फैसले पर फेडरेशन के अधिकारियों से लिखित जवाब तलब किया है। उनका कहना है कि जर्सी का रंग बदलने का फैसला उनकी या कार्यकारी समिति (Executive Board) की मंजूरी के बिना लिया गया।
बताया जा रहा है कि इस मुद्दे पर ओडिशा सरकार ने भी हॉकी इंडिया से स्पष्टीकरण मांगा है।
पहले तकनीकी कारण बताए, अब प्रक्रिया पर सवाल
हॉकी इंडिया ने 27 जुलाई को अगले महीने होने वाले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम की नई नारंगी जर्सी लॉन्च की थी। इसके बाद कई पूर्व खिलाड़ियों और खेल विशेषज्ञों ने इस बदलाव पर सवाल उठाए।
जर्सी लॉन्च होने के बाद दिलीप टिर्की ने कहा था कि रंग बदलने का फैसला तकनीकी कारणों से लिया गया है। उनके अनुसार, अंतरराष्ट्रीय हॉकी अब नीले सिंथेटिक टर्फ पर खेली जाती है, इसलिए नीली जर्सी पहनने पर तेज गति के खेल में खिलाड़ियों को अपने साथियों और गेंद की पहचान करने में दिक्कत हो सकती है।
हालांकि अब उन्होंने कहा है कि जर्सी बदलने की प्रक्रिया में निर्धारित मंजूरी नहीं ली गई, इसलिए पूरे मामले की जानकारी मांगी गई है।
खिलाड़ियों से सलाह लेने के दावे पर भी सवाल
हॉकी इंडिया ने पहले दावा किया था कि नई जर्सी का रंग तय करने से पहले खिलाड़ियों और कुछ वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की गई थी।
लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में भारतीय टीम के एक खिलाड़ी के हवाले से कहा गया कि खिलाड़ियों से इस संबंध में कोई राय नहीं ली गई। वहीं, हॉकी इंडिया की कार्यकारी समिति के एक सदस्य ने भी दावा किया कि उन्हें इस फैसले की जानकारी नहीं थी और इस विषय पर किसी आधिकारिक बैठक में चर्चा नहीं हुई।
पूर्व खिलाड़ियों ने जताई नाराजगी
नई जर्सी को लेकर कई पूर्व खिलाड़ियों ने भी आपत्ति जताई है।
1980 मॉस्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान वासुदेवन भास्करन ने कहा कि नई जर्सी उन्हें भारतीय हॉकी की विरासत से जुड़ी प्रेरणा नहीं देती।
पूर्व कप्तान विरेन रासकिन्हा ने भी सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए पूछा कि भारतीय टीम की पारंपरिक नीली जर्सी बदलकर भगवा रंग क्यों चुना गया।
प्रियंका गांधी ने भी उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी जर्सी के रंग में बदलाव की आलोचना करते हुए कहा था कि भारत की पहचान उसके मूल्यों और विरासत से जुड़ी है, जिसे बदला नहीं जा सकता।
विश्व कप की तैयारी में भारतीय टीम
एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 का आयोजन 14 से 30 अगस्त के बीच बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होगा। भारतीय टीम करीब पांच दशक बाद विश्व कप खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। भारत ने अब तक अपना एकमात्र हॉकी विश्व कप 1975 में जीता था।
