![]()
ग्वालियर के जगनापुरा लधेड़ी इलाके में मंगलवार रात उस समय दहशत फैल गई जब तीन हथियारबंद बदमाशों ने एक घर पर हमला कर दिया और खुलेआम फायरिंग की। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें बदमाशों को गोली चलाते और घर में घुसते हुए साफ देखा जा सकता है। जानकारी के अनुसार, बदमाश कट्टा और डंडों से लैस थे। उन्होंने पहले घर के बाहर गोली चलाई और फिर दरवाजे पर लात मारकर उसे तोड़ दिया। इसके बाद वे घर के अंदर घुस गए। उस समय घर में महिला और तीन बच्चे मौजूद थे। घर में घुसने के बाद बदमाशों ने महिला से उसके पति पवन कुशवाह के बारे में पूछताछ की। महिला निशा कुशवाह (30 वर्ष) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने बदमाशों को बताया कि उनके पति घर पर नहीं हैं। इस पर आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि जब वह आए तो उसे समझा देना, “हम उसे खत्म कर देंगे।” इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज और तोड़फोड़ शुरू कर दी। बताया गया कि आरोपी राहुल यादव ने बाहर निकलकर एक बार फिर फायरिंग की, जिससे आसपास मौजूद महिला और बच्चे दहशत में आ गए। घटना के पीछे एक दिन पहले हुए विवाद को वजह बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, एक ई-रिक्शा चालक और बाइक सवार के बीच झगड़ा हो रहा था, जिसमें पवन कुशवाह ने बीच-बचाव किया था। वह दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन आरोपियों को गलतफहमी हो गई कि पवन दूसरे पक्ष का समर्थन कर रहा है, जिसके चलते वे नाराज हो गए और उन्होंने यह हमला किया। CCTV फुटेज में पूरी वारदात साफ दिखाई दे रही है, जिसमें आरोपी पहले फायरिंग करते हैं, फिर दरवाजा तोड़कर घर में घुसते हैं और बाद में बाहर निकलते समय दोबारा गोली चलाते हैं। पुलिस ने निशा कुशवाह की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। सीएसपी कृष्णपाल सिंह के अनुसार, CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने बताया कि राहुल यादव और उसके साथियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
