इस घटना में रिंकू पुत्र धुनाराम गुर्जर (उम्र 20 वर्ष) का गांव के ही उपेंद्र यादव से रास्ते को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद उपेंद्र यादव, गप्पों यादव, अजब सिंह, छोटे, गब्बर और राम सहित कई लोगों ने मिलकर रिंकू गुर्जर पर लाठियों से हमला कर दिया।
रिंकू को बचाने के लिए उसके चाचा जितेंद्र गुर्जर (38 वर्ष), रघुवीर (40 वर्ष) और एदल (26 वर्ष) मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। बताया गया कि इस दौरान बंदूक से फायरिंग की गई और पथराव भी हुआ, जिससे कुल चार लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटना रविवार शाम लगभग 5 बजे की बताई गई है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। वीडियो में एक पक्ष द्वारा पथराव और लाठी से हमला करते हुए देखा जा सकता है, जबकि ग्रामीण गंभीर स्थिति की बात करते नजर आ रहे हैं। बागचीनी थाना प्रभारी टीआई शशि कुमार के अनुसार मामला पहले सामान्य विवाद का था, लेकिन बाद में हिंसक रूप ले लिया। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर केस दर्ज कर लिया गया है और जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।