![]()
अनूपपुर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को ग्रामीणों ने दो अलग-अलग मुद्दों को लेकर जनसुनवाई में अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं। जैतहरी के बलबहरा गांव के किसानों ने रास्ते पर कब्जे की समस्या उठाई, जबकि पुष्पराजगढ़ के एक ग्रामीण ने छह साल से लंबित पीएम आवास की किस्त जारी करने की मांग की।
बलबहरा गांव की कई महिलाएं और किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और बताया कि देवदत्त राठौर के घर से दानवदाई मड़िया तक जाने वाला मार्ग खेती-किसानी के लिए मुख्य रास्ता है। इसके लिए जमीन मालिकों ने पहले स्वयं 12 फीट जगह देने का शपथ पत्र दिया था। अब आरोप है कि देवदत्त राठौर ने रास्ते पर लोहे का गेट लगा दिया है और रामचरण राठौर ने बाउंड्रीवाल बना ली है। इस कब्जे के कारण ट्रैक्टर और बैलगाड़ी नहीं निकल पा रही हैं, जिससे किसानों को खेत से फसल घर तक ले जाने में गंभीर दिक्कतें हो रही हैं।
इसी जनसुनवाई में पुष्पराजगढ़ के पडमनिया गांव से आए चरण सिंह ने अपनी समस्या भी बताई। उन्हें 2018-19 में प्रधानमंत्री आवास मिला था, लेकिन छत ढलाई के लिए मिलने वाले 15 हजार रुपए अब तक नहीं मिले हैं। चरण सिंह ने बताया कि उन्होंने सचिव, रोजगार सहायक और हेल्पलाइन तक कई बार संपर्क किया, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। पिछले महीने जब जिला सीईओ गांव आए थे, तब सचिव ओमकार सिंह ने एक हफ्ते में पैसा दिलाने का वादा किया था, लेकिन एक महीना बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने कलेक्टर से इन दोनों मामलों में जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
