![]()
रायसेन जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने कल (7 अप्रैल) आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद कभी तेज हवाएं चल रही हैं, तो कभी आसमान में बादल छा गए हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
दो दिन पहले हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को पहले ही नुकसान हो चुका है। आज (सोमवार) सुबह तेज धूप निकली, लेकिन दोपहर में मौसम अचानक बदल गया। आसमान में बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे खेतों में खड़ी फसलों को फिर से नुकसान का खतरा पैदा हो गया।
सरकारी खरीदी केंद्र अभी तक शुरू नहीं हुए हैं, जिससे किसान परेशान हैं। मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए कई किसान अपनी उपज लेकर कृषि उपज मंडी पहुंच रहे हैं, ताकि समय रहते अपनी फसल बेच सकें।
तापमान में गिरावट दर्ज
मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले एक सप्ताह से दिन का अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। मौसम के इस बदलते मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, विशेषकर उन किसानों की जिनकी फसलें अभी खेतों में खड़ी हैं।
