![]()
इंदौर में रहने वाले एक वरिष्ठ नागरिक के साथ फेसबुक पर हुई दोस्ती महंगी साबित हुई। सोशल मीडिया पर खुद को विदेशी महिला बताकर संपर्क करने वाले साइबर ठगों ने गिफ्ट भेजने का बहाना बनाकर 10 लाख 43 हजार रुपए की ठगी की।
एरोड्रम पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, ओम विहार कॉलोनी के 67 वर्षीय अशोक कुमार, जो रिटायर्ड अधिकारी हैं, को फेसबुक पर “डॉ. लिसा डेविस” नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। महिला ने खुद को स्कॉटलैंड का निवासी बताया और बातचीत धीरे-धीरे गहरी दोस्ती में बदल गई।
कुछ समय बाद महिला ने विदेश से गिफ्ट भेजने का हवाला दिया। इसके बाद पीड़ित के पास दिल्ली एयरपोर्ट के कथित कस्टम अधिकारियों के फर्जी कॉल आने लगे। ठगों ने बताया कि पार्सल में डॉलर हैं, जिन्हें कन्वर्ट कराने के लिए प्रोसेसिंग फीस देनी होगी। विभिन्न बहानों से आरोपियों ने लगातार पैसे मांगे और इस तरह कुल 10.43 लाख रुपए की ठगी की।
जब लगातार पैसे मांगे जाने लगे, तो अशोक कुमार को शक हुआ और उन्होंने अपने बेटे को इस बारे में बताया। इसके बाद एरोड्रम थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई थी, उन्हें ब्लॉक कर दिया है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। गिरफ्तारी जल्द होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस की सलाह: इस तरह के ‘कस्टम फ्रॉड’ से सावधान रहें और फेसबुक या अन्य सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए गिफ्ट या पैसों के झांसे में न आएं।
