Pregnant Woman Escapes Unharmed in Anuppur Road Accident; Father and Husband Injured While Heading for Sonography|अनूपपुर में सड़क हादसे में गर्भवती महिला बाल-बाल बची; पिता और पति घायल
अनूपपुर जिला मुख्यालय के केडिया पेट्रोल पंप के पास गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार बाइक फिसल गई। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार ससुर और दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पीछे बैठी गर्भवती महिला सुरक्षित रही। स्थानीय लोगों ने तीनों को तुरंत अनूपपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की पहचान अमगवां, थाना जैतहरी निवासी 45 वर्षीय ददन पनिका, उनकी 25 वर्षीय बेटी ज्योति पनिका और 29 वर्षीय दामाद लालमन पनिका के रूप में हुई है।
ददन पनिका ने बताया कि उनकी बेटी गर्भवती हैं और स्थानीय निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। गुरुवार को डॉक्टर ने सोनोग्राफी कराने की सलाह दी थी। चूंकि निजी अस्पताल में सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, इसलिए तीनों जिला अस्पताल जा रहे थे।
जैतहरी मार्ग पर केडिया पेट्रोल पंप के पास अचानक सामने से एक अन्य बाइक आ गई। उससे बचने के प्रयास में लालमन पनिका ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे उनकी बाइक फिसल गई और तीनों गिर पड़े। इस हादसे में लालमन पनिका और ददन पनिका के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। गर्भवती ज्योति पनिका को हल्की चोटें लगीं, लेकिन किसी बड़ी अनहोनी से वह बच गईं। अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञों ने जांच के बाद गर्भवती महिला की स्थिति को सुरक्षित बताया है।