![]()
इंदौर क्राइम ब्रांच ने फ्लैट बेचकर रजिस्ट्री न करने के मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को पकड़ चुकी है।
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया के मुताबिक, फरियादी फैसल अहमद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मोहित महाजन, निसार अली और सायरा ने मिलकर फ्लैट बेचने के नाम पर लगभग 35 लाख रुपए की ठगी की।
आरोपियों ने सौदा तय कर नगद और ऑनलाइन रकम ले ली, लेकिन इसके बावजूद फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं की और फरियादी को लगातार टालते रहे। मंगलवार को क्राइम ब्रांच टीम ने महिला आरोपी सायरा को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले का खुलासा बुधवार को किया गया। फिलहाल पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने उसी फ्लैट की रजिस्ट्री फरियादी के बजाय मोहित महाजन की भाभी के नाम पर 17 लाख रुपए में कर दी। इस तरह एक ही फ्लैट को दो लोगों को बेचकर आरोपियों ने धोखाधड़ी की। इस मामले में क्राइम ब्रांच पहले ही मोहित महाजन (निवासी कनाडा) और निसार अली को गिरफ्तार कर चुकी है।
