![]()
![]()
शिवपुरी शहर के फतेहपुर चौराहा इलाके में खुली शराब दुकान को लेकर लोगों का विरोध अब खुलकर सामने आ गया है। जनसुनवाई में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से नाराज रहवासियों ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन शुरू किया है। मंगलवार रात से लोगों ने शराब दुकान के बाहर ही सुंदरकांड पाठ शुरू कर धरना दे दिया।
वार्ड-11 और कोतवाली क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हो रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि यह पूरा इलाका घनी आबादी वाला है, जहां परिवार, महिलाएं और बच्चे रहते हैं। पास में लाइब्रेरी भी है, जहां बच्चे पढ़ने आते हैं। ऐसे में शराब दुकान खुलने से माहौल बिगड़ रहा है और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी वजह से अब उन्हें धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा। लोगों ने साफ कर दिया है कि जब तक दुकान यहां से हटाई नहीं जाती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
रहवासियों का आरोप है कि दुकान खुलने के बाद से इलाके में शराबियों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है। फिलहाल प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है, लेकिन लोगों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी होने तक धरना खत्म नहीं होगा।