![]()
बैतूल की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सोमवार को एक घर के किचन में फ्रिज के नीचे रसेल वाइपर सांप मिलने से हड़कंप मच गया। सांप फ्रिज के कंप्रेसर के पास छिपा हुआ था और धीरे-धीरे किचन तक पहुंच गया था, जिससे परिवार में डर का माहौल बन गया। घर के मालिक रितेश खंडेलवाल के परिवार ने तुरंत सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सर्पमित्र मौके पर पहुंचे और सावधानी के साथ रेस्क्यू शुरू किया। फ्रिज के नीचे छिपे होने के कारण सांप को बाहर निकालना आसान नहीं था, लेकिन काफी मेहनत के बाद उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया और जंगल में छोड़ दिया गया।
विशाल विश्वकर्मा के अनुसार रसेल वाइपर भारत के सबसे खतरनाक सांपों में गिना जाता है। इसका जहर खून को जमने नहीं देता और शरीर के अंदर गंभीर ब्लीडिंग शुरू कर देता है, जो समय पर इलाज न मिलने पर जानलेवा साबित हो सकता है।
विशेषज्ञ बताते हैं कि कोबरा का जहर जहां नसों पर असर डालता है, वहीं रसेल वाइपर का जहर शरीर के रक्त तंत्र को नुकसान पहुंचाता है, जिससे स्थिति ज्यादा गंभीर हो सकती है।
गर्मी के मौसम में सांप ठंडी जगह की तलाश में घरों में घुस आते हैं, खासकर फ्रिज और कूलर के आसपास। ऐसे में लोगों को सावधान रहने और खुद सांप पकड़ने की कोशिश न कर तुरंत विशेषज्ञ को बुलाने की सलाह दी जाती है। इस मामले में समय रहते रेस्क्यू होने से बड़ा हादसा टल गया।
