![]()
इंदौर क्राइम ब्रांच ने 24.08 ग्राम MD ड्रग्स के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है, जो अलग-अलग शहरों में इवेंट ऑर्गेनाइजेशन का काम करती है। आरोपियों ने अपनी कार में ड्रग्स छिपा रखी थी। टीम ने आरोपियों के कब्जे से ड्रग्स, एक कार और 4 मोबाइल फोन सहित कुल लगभग 5 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।
क्राइम ब्रांच लगातार नशे के सौदागरों और खरीदारों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में टीम ने मंगल परिसर गार्डन के पीछे कनकेश्वरी खाली मैदान के पास एक सुनसान जगह पर चार लोगों को कार में ड्रग्स के साथ पकड़ा।
इंदौर क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि टीम गोपनीय रूप से जानकारी जुटाकर अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त में लिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इस दौरान टीम शहर के विभिन्न इलाकों में संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मंगल परिसर गार्डन के पीछे, कनकेश्वरी खाली मैदान में एक सफेद वरना कार खड़ी मिली, जिसमें एक महिला और तीन पुरुष बैठे थे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध होने पर टीम ने पूछताछ शुरू की।
आरोपियों ने अपने नाम रिजवान खोकर, फैजान मंसूरी, समीर लकारा (सभी रतलाम निवासी) और काजल उपाध्याय (इंदौर निवासी) बताएं। जब कार की तलाशी ली गई, तो दाईं ओर लगे सीलिंग वाले बॉक्स में एक पारदर्शी पन्नी मिली, जिसमें से 24.08 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सस्ते में ड्रग्स खरीदकर नशे के आदी लोगों को महंगे दामों में सप्लाई करते थे। महिला आरोपी अलग-अलग शहरों में इवेंट ऑर्गेनाइजेशन का काम भी करती है। वहीं, रिजवान पर रतलाम में पहले भी मारपीट का एक केस दर्ज है। टीम अब आरोपियों से और जानकारी जुटा रही है।
