संसद के मानसून सत्र के अंतिम दिन शुक्रवार को राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर विपक्ष ने संसद परिसर में अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर संसद पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने प्रतीकात्मक रूप से दानपेटी में चंदा डालकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने बैनर भी लहराए, जिन पर लिखा था- “अमित शाह संसद से गायब क्यों?” विपक्ष ने इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा।
हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही प्रभावित
सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके चलते सदन को दोपहर 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इसके बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 3 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई।
जितेंद्र सिंह के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव
इस बीच कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव भी पेश किया। कांग्रेस का आरोप है कि मंत्री ने संसद में यह कहकर सदन को गुमराह किया कि जंतर-मंतर और संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर कोई फायरिंग नहीं हुई थी।
रिजिजू बोले- चर्चा करें, हंगामा नहीं
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि संसद चर्चा का मंच है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चर्चा में भाग लेने के बजाय लगातार हंगामा करता है और फिर सरकार पर बहस से बचने का आरोप लगाता है। रिजिजू ने कहा कि भविष्य में सदन की कार्यवाही बाधित न हो, इसके लिए विपक्ष को सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस सौंपा है। उनका आरोप है कि राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ असंसदीय भाषा का प्रयोग किया और बेबुनियाद आरोप लगाए।
दरअसल, राहुल गांधी ने बुधवार को पेपर लीक संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान अमित शाह पर कई आरोप लगाए थे। उनके भाषण के कुछ हिस्से को बाद में लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही से हटा दिया था।
राहुल का सोशल मीडिया पर पलटवार
संसद के घटनाक्रम के बीच राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह देश की Gen Z पीढ़ी को डरा-धमका नहीं सकते। पहले उन पर बल प्रयोग किया गया और अब एफआईआर दर्ज कर उनके सोशल मीडिया अकाउंट बंद कराए जा रहे हैं।” राहुल ने कहा कि युवा भारत का भविष्य हैं और उनके साथ ऐसा व्यवहार उचित नहीं है।
