![]()
कटनी जिले के बड़वारा गांव स्थित मिशन चौक पर रविवार शाम ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ओवरलोड वाहनों की आवाजाही और दुर्गा मंदिर के समीप संचालित शराब दुकान के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने धरना देकर चक्काजाम कर दिया। करीब 30 मिनट तक चले प्रदर्शन के दौरान स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों का कहना था कि बड़वारा के रिहायशी और व्यस्त इलाकों से लगातार ओवरलोड वाहन गुजर रहे हैं। इन भारी वाहनों की वजह से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन पुलिस और परिवहन विभाग इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ग्रामीण जय सूर्यवंशी ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने समस्या के समाधान की दिशा में गंभीर कदम नहीं उठाए।
ग्रामीणों ने शराब दुकान को लेकर भी कड़ा विरोध जताया। उनका कहना है कि गांव के प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर के पास सरकारी शराब दुकान संचालित होने से मंदिर परिसर का माहौल प्रभावित हो रहा है। शराब पीने वालों की भीड़ और अभद्र व्यवहार के कारण महिलाओं, छात्राओं और बच्चों को रोजाना असुविधा का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने दुकान को तत्काल दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की।
धरने और चक्काजाम की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और शराब दुकान के स्थानांतरण की प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर रास्ता खोल दिया और यातायात सामान्य हो सका।
