एंटरटेनमेंट डेस्क। रियलिटी शो बिग बॉस 20 का पहला प्रोमो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। प्रोमो में होस्ट सलमान खान ने अपनी सुपरहिट फिल्म करण अर्जुन का जिक्र करते हुए कहा, “जो करण-अर्जुन में हुआ था, वह अब बिग बॉस में दोबारा होगा… तथास्तु!” इस एक लाइन ने फैंस के बीच कई तरह की अटकलों को जन्म दे दिया है।
क्या शाहरुख करेंगे ग्रैंड प्रीमियर में एंट्री?
सलमान खान के ‘करण-अर्जुन’ वाले डायलॉग के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि क्या शाहरुख़ ख़ान बिग बॉस 20 के ग्रैंड प्रीमियर में नजर आएंगे? हालांकि मेकर्स ने अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
सोशल मीडिया पर फैंस का मानना है कि ‘करण-अर्जुन’ का जिक्र दोनों सुपरस्टार्स के दोबारा एक साथ मंच साझा करने का संकेत हो सकता है। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि इस बार शो का फॉर्मेट बदल सकता है और कंटेस्टेंट्स जोड़ियों में खेल सकते हैं या फिर दो विजेता चुने जा सकते हैं। फिलहाल इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
6 सितंबर से होगा प्रसारण
मेकर्स के मुताबिक, बिग बॉस 20 का प्रीमियर 6 सितंबर से होगा। शो का प्रसारण रोजाना रात 9 बजे जियोहॉटस्टार पर और रात 10:30 बजे कलर्स टीवी पर किया जाएगा। इस बार खास बात यह है कि फेस्टिव सीजन के दौरान बिग बॉस के सभी छह भाषाई संस्करण लगभग एक साथ लॉन्च किए जाएंगे।
सलमान बोले- प्रोमो में ही छिपा है रहस्य
प्रोमो लॉन्च के साथ जारी बयान में सलमान खान ने कहा कि हर सीजन की तरह इस बार भी दर्शकों को नए ट्विस्ट देखने को मिलेंगे, लेकिन इस बार शो का सबसे बड़ा रहस्य प्रोमो में ही छिपा है।

उन्होंने कहा, “बिग बॉस का हर सीजन नया गेम लेकर आता है, लेकिन इस बार एक ऐसा रहस्य है, जो इसे अब तक के सभी सीजनों से अलग बनाएगा। उसका पहला हिंट प्रोमो में ही मौजूद है।”
फीस को लेकर भी चर्चा
शो शुरू होने से पहले सलमान खान की फीस को लेकर भी कई रिपोर्ट्स सामने आई हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उन्होंने इस सीजन के लिए अपनी फीस 120 करोड़ रुपये से घटाकर 70 करोड़ रुपये कर दी है और संभव है कि वे पूरे सीजन की बजाय सीमित एपिसोड ही होस्ट करें।
हालांकि, सलमान खान या शो के मेकर्स की ओर से इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इन सेलिब्रिटीज के नाम चर्चा में
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार शो के लिए कई चर्चित चेहरों से संपर्क किया गया है। इनमें माही विज, गीता बसरा, जन्नत जुबैर, सुनील पाल, शोविक चक्रवर्ती, अर्जुन बिजलानी, राम कपूर, श्रेया कालरा और मिस्टर फैजू के नाम शामिल हैं। हालांकि, फाइनल कंटेस्टेंट्स की सूची प्रीमियर से पहले ही जारी की जाएगी।
