एंटरटेनमेंट डेस्क। अभिनेता सनी देओल अपनी आगामी फिल्म बंटवारा 1947 के प्रमोशन के दौरान दिए एक बयान को लेकर विवादों में आ गए हैं। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अपने पिता धर्मेंद्र के एक पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा, “भारत मेरी मां है तो पाकिस्तान मेरी मौसी है।” बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
पाकिस्तान पर सवाल के जवाब में दिया बयान
प्रमोशन के दौरान सनी देओल से पूछा गया कि उनकी फिल्म विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है और पाकिस्तान से जुड़े विषय को दिखाती है। इस पर उनका पाकिस्तान को लेकर क्या नजरिया है?
जवाब में सनी देओल ने पहले स्पष्ट किया कि फिल्म की शूटिंग पाकिस्तान में नहीं, बल्कि भारत में हुई है। इसके बाद उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान कभी एक ही देश का हिस्सा थे। इसी संदर्भ में उन्होंने अपने पिता धर्मेंद्र के पुराने बयान को याद करते हुए कहा कि “जैसे पापा कहते थे, भारत मेरी मां है तो पाकिस्तान मेरी मौसी है। हम कहीं न कहीं एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।”
सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस
सनी देओल के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने उनके बयान की आलोचना की, जबकि कुछ ने इसे विभाजन से पहले दोनों देशों के साझा इतिहास के संदर्भ में देखा।
एक यूजर ने लिखा कि हर नए वीडियो के साथ सनी देओल अपनी छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं कई लोगों ने कहा कि उनके बयान को पूरे संदर्भ में देखा जाना चाहिए।

विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी है ‘बंटवारा 1947’
सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ भारत-पाकिस्तान विभाजन की त्रासदी पर आधारित है। फिल्म में हिंसा, पलायन और बिछड़ते परिवारों की कहानी दिखाई गई है। इसमें सनी देओल के अलावा शबाना आज़मी, प्रीति जिंटा, अली फ़ज़ल और अभिमन्यु सिंह भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
पटना साहिब में भी टेका मत्था
फिल्म के प्रमोशन से पहले सनी देओल ने पटना स्थित तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब में मत्था टेककर गुरु गोबिंद सिंह जी के जन्मस्थान पर आशीर्वाद लिया। गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से उनका पारंपरिक स्वागत किया गया और उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
